बाइक जलाने का आरोपित गिरफ्तार
रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली हरिजन बस्ती में बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान इस्तियाक अंसारी, कुरैशी मुहल्ला कांटाटोली के रहने वाले के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि मामले में सकीला खातून ने 12 सितंबर को लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस्तियाक अंसारी ने उनकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शिकायत के आधार पर लोअर बाजार थाना ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपित इस्तियाक अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में जली हुई बाइक को भी जब्त कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे