शादी की नीयत से युवती के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार
बोकारो, 18 जून (हि.स.)। बोकारो जिले के नावाडीह थाना पुलिस ने शादी की नीयत से युवती के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 की शाम करीब पीड़ित परिवार ने थाना नावाडीह की ओर से थाना में लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी का अपहरण शादी की नीयत से रुपलाल कोडा उर्फ रुपलाल मुण्डा (19), पिता धीरन मुण्डा, निवासी महलीडीह अंबाटोला, थाना गोला, जिला रामगढ़ तथा वर्तमान निवासी गुंजरडीह, थाना नावाडीह की ओर से कर लिया गया है।
आवेदन के आधार पर नावाडीह थाना (कांड संख्या-49/2026 ) दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो-तेनुघाट के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहयोग एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित रुपलाल कोडा उर्फ रुपलाल मुण्डा को तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत युवती को सकुशल बरामद किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार