यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नया सराय निवासी सौरभ लिंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 15 अगस्त को लोअर बाजार थाना में लिखित आवेदन देकर सौरभ लिंडा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया गया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। पुलिस टीम ने नया सराय निवासी सौरभ लिंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
छापेमारी टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे