रांची में डॉक्टर से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने वाला आरोपित गिरफ्तार

 


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में 68 वर्षीय डॉक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दीपक कुमार दास (46) के रूप में हुई है।

अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई से लगातार एक मोबाइल नंबर से उन्हें पांच करोड़ रुपये की रंगदारी देने की मांग की जा रही थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने धमकी और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता की पहचान दीपक कुमार दास के रूप में की।

पुलिस ने आरोपित को आईटीआई रोड बस स्टैंड के पास से उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया। आरोपित मूल रूप से लोहरदगा के न्यू बस स्टैंड साइडिंग का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपित के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड बरामद किया है। छापेमारी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के अलावा अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई और पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे