मोबाइल चोरी करते आरोपित गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद
रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। रांची के सदर अस्पताल रांची के आसपास लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अस्पताल परिसर में मोबाइल चोरी करते एक व्यक्ति को धर दबोचा।
आरोपित की पहचान राशिद जमील उर्फ राशिद खान के रूप में हुई है। वह स्थायी रूप से भीठा बस्ती, थाना गोंदा का रहने वाला है और वर्तमान में पत्थलकुदवा स्थित इस्लाम नगर में रह रहा था। मामले में पिठोरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले ब्रिक्रम नायक के आवेदन पर लोअर बाजार थाना में दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि सदर अस्पताल के आसपास मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक टीम को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था।
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक मो मुख्तार थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे