बाइक और नगद चाेरी करने का आराेपित गिरफ्तार
रामगढ़, 16 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में एक महिला अपने बच्चे को लाने के लिए स्कूल गई थी। इसी बीच चोर ने उसका घर साफ कर दिया। चोर ने उसके घर में खड़ी बाइक और लगभग 64000 रुपये नगद उड़ा लिए। इस मामले में कुजू ओपी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। 24 घंटे के अंदर ना सिर्फ चोर को गिरफ्तार कर लिया, बल्कि चोरी की बाइक भी बरामद कर ली।
कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि कर्मा उत्तरी के बरकट्ठी गांव में रहने वाले सलीम अंसारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी 15 जून की दोपहर में अपने बच्चे को लाने स्कूल गई थी। इस दौरान उनके घर में ताला बंद था। जब वह वापस लौटीं तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। उनके घर में रखी सीडी डीलक्स बाइक (जेएच 02 एल 7350) और नगद लगभग 64000 रुपये गायब हैं। उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मामले का उद्भेदन 24 घंटे में ही कर दिया। पुलिस ने बरकट्टी गांव के ही रहने वाले समीर अंसारी, पिता मो हजरत अंसारी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छुपा कर रखी गई बाइक भी बरामद कर ली। पुलिस ने गिरफ्तार चोर को मंगलवार को जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश