बुजुर्ग महिला से चेन छिनतई का आरोपित गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

 


रांची, 03 अगस्त (हि.स. )। बरियातू थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब स्थित इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में बुजुर्ग महिला से चेन छिनतई के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। क्राइम कंट्रोल को लेकर पुलिस ने हरिहर सिंह रोड स्थित मंडा टांड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने एक आरोपित को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रवीण कुमार कुमार के रूप में हुई है जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। प्रवीण कुमार के पास से उसके पास से एक सोने जैसा गले का चेन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल दिल्ली से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपित और उसके साथी झारखंड के विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे।

जांच में इनके जरिये रांची के सदर और लालपुर थाना क्षेत्रों में भी चेन छिनतई की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। साथ ही, इसी बाइक का इस्तेमाल लुधियाना और मोहाली में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में किए जाने की जानकारी मिली है।

छापेमारी में पुलिस ने अपराधियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक सोने का चेन जब्त किया गया है। वहीं फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे