बुलेट चोरी मामले में आरोपित गिरफ्तार, करीब 40 मामलों में दर्ज है नाम

 


रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। लोअर बाजार थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना चौक, ईदगाह के पास रहने वाले धीरज जलान उर्फ रुपु (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल, मास्टर चाबी और लॉक तोड़ने का औजार बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आठ अगस्त को राजेश कुमार सिंह ने लोअर बाजार थाना में चर्च कॉम्प्लेक्स के पास से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गुप्त सूचना और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपितों के सत्यापन के आधार पर धीरज जलान को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व से करीब 40 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित की निशानदेही पर चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे