राधे श्याम गोलीबारी और भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
रांची, 16 मई (हि.स.)। रांची में राधेश्याम साहू पर गोली चलाने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल टाइगर हत्याकांड का मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा आरोपित अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को आखिरकार रांची पुलिस ने पकड़ लिया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित अभिषेक उर्फ सूरज सिन्हा कोलकाता में छुप कर रहा है। इसके बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ा और रांची लाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित ने 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर अनिल टाइगर की हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, राधेश्याम साहू पर हुए जानलेवा हमले में भी उसकी सीधी संलिप्तता सामने आई है। मामले में पहले ही दो शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि हत्या की पूरी योजना रांची और कोलकाता में बैठकर बनाई गई थी। घटना से पहले पीड़ित की रेकी कर पूरी तैयारी की गई थी।
इस साजिश में देवव्रत नाथ शाहदेव का नाम भी सामने आया है, जिसने कथित रूप से पांच लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना को आगे बढ़ाया था। साथ ही जमीन सौदे से मिलने वाले लाभ में हिस्सेदारी का लालच भी दिया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है। आरोपित से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि इस हत्याकांड और हमले से जुड़े हर पहलू का खुलासा किया जा सके।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे