ट्रेलर और ट्रक की टक्कर में चालक-खलासी की मौत

 


धनबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। जनपद के तोपचांची थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। साहोबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के पास तीन वाहनों की टक्कर में आयशर ट्रक के चालक और खलासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी और लंबा जाम लगा रहा।

घटना तोपचांची थाना क्षेत्र के साहोबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के समीप नेशनल हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, लोहे से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर पहले एक अल्टो कार से टकरा गया। कार में चार लोग सवार थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। टक्कर के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक का अगला हिस्सा ट्रेलर के भीतर तक घुस गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा