शराब घोटाला मामले में एसीबी ने नेक्सजेन के अरुण सिंह से पूछे कई सवाल
रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में नेक्सजेन के सीईओ अरुण कुमार सिंह बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के समक्ष पेश हुए। उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद वह दोपहर करीब 3 बजे एसीबी कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे कई घंटे तक कड़ाई से पूछताछ की गई।
अधिकारियों ने पूछा कि वह विनय चौबे के कितने करीबी थे, उन्हें कब और कितनी राशि दी गई, कथित शराब घोटाले से अर्जित पैसे कहां-कहां लगाए गए और उन पैसों से किन-किन जगहों पर जमीन या अन्य संपत्तियां खरीदी गईं। ऐसे भी ने पूछा कि विनय चौबे और विनय सिंह में क्या-क्या रिश्ता है। शराब घोटाला का पूरा पैसा इन दोनों के पास थे तो क्या किए।
इसके अलावा एसीबी ने यह भी पूछा कि कथित घोटाले की रकम किन लोगों तक पहुंची, पैसों का लेनदेन किस माध्यम से हुआ और विनय चौबे व अरुण कुमार सिंह के बीच कारोबारी तथा वित्तीय संबंध क्या थे। जांच एजेंसी ने कथित निवेश, संपत्ति खरीद और आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर भी सवाल किए।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अरुण कुमार सिंह ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जांच टीम के साथ साझा कीं। उन्होंने कथित तौर पर कुछ स्थानों पर जमीन खरीदने और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जानकारी भी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे