रामगढ़ में हुई एबीवीपी झारखंड की दो दिवसीय प्रदेश समीक्षा बैठक
रामगढ़, 16 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश समीक्षा और योजना बैठक का शुभारंभ शनिवार को हुआ। 17 मई तक चलने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य से आए कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग ले रहे हैं, जहां संगठन की भावी रणनीति और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जा रही है।
बैठक के उद्घाटन सत्र में एबीवीपी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ याज्ञवल्क्य शुक्ल, प्रदेश संगठन मंत्री नीलेश कटारे, प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल एवं प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी मुख्य रूप से उपस्थित थेे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद राष्ट्र पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर विद्यार्थियों के बीच कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिक्षा, समाज एवं राष्ट्रहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रदेश संगठन मंत्री नीलेश कटारे ने कहा कि यह आयोजन संगठन के आगामी कार्यों की दिशा तय करेगा। उन्होंने बताया कि बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ सदस्यता अभियान, महाविद्यालय विस्तार और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल ने कहा कि परिषद सदैव छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर संघर्षरत रही है और संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय इस बैठक में संगठन के विभिन्न आयामों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा, जिससे एबीवीपी झारखंड को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश