घर के बाहर युवक ने लगाई बाइक, उड़ा ले गया चोर

 


रामगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। शहर में एक बार फिर बाइक चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। मुख्य बाजार से लेकर शहर की गलियों में यह गिरोह बड़ी आसानी से बाइक चोरी कर फरार हो रहा है। एक के बाद एक लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने में रामगढ़ थाना पुलिस विफल साबित हो रही है। रामगढ़ महाविद्यालय के पीछे शिवपुरी कॉलोनी से एक और बाइक चोरी की घटना सामने आई है।

सोमवार को मामले में भुक्तभोगी रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी निवासी संजय कुमार प्रभाकर ने रामगढ़ थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। आवेदन में कहा है कि मेरा छोटा भाई कृष्णा प्रभाकर शिवपुरी कॉलोनी ओल्ड एनएचएआई के ऑफिस के निकट मणी महतो के मकान में किराए पर रहता है। 31 अक्टूबर की शाम में छोटा भाई पैशन प्रो बाइक संख्या जेएच 24डी 9829 को किराए के मकान के पास खड़ी कर अंदर चला गया।

इसके बाद रूम से बाहर निकला तो बाइक उस स्थान पर नहीं थी। इसी दौरान घर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखा तो किसी अज्ञात व्यक्ति जो रेनकोट पहने हुए था, बाइक के पास आया और उसे स्टार्ट कर टायर मोड़ की ओर भाग गया। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश