स्थापना दिवस पखवाड़े पर रक्तदान से लेकर पौधारोपण तक हुए कई कार्यक्रम
रामगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जेएसएलपीएस पलाश की ओर से जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसके तहत रक्तदान शिविर, किसानों के बीच सरसों बीज वितरण, पौधारोपण और रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया। मानव सेवा के उद्देश्य से पतरातू प्रखंड कार्यालय परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला और मांडू में रक्तदान शिविर लगाया गया। इन शिविरों में सखी मंडल की दीदियों, जेएसएलपीएस कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 110 लोगों की सहभागिता रही, जिनमें 17 सदस्यों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प दिखाया।
वहीं, कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए आत्मा के सहयोग से चितरपुर, दुलमी एवं रामगढ़ सदर प्रखंड के पात्र किसानों और महिला कृषकों के बीच रबी फसल के लिए उन्नत किस्म के सरसों बीज वितरित किए गए। प्रत्येक प्रखंड में 10-10 क्विंटल के हिसाब से कुल 30 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया। इससे तिलहन उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलेगा। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समितियों (सीएलएफ) में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा गोला, दुलमी, चितरपुर, मांडू, पतरातू और रामगढ़ सदर प्रखंड में सखी मंडल की महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर झारखंड का संदेश दिया। इन आयोजनों के जरिए जेएसएलपीएस ने ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी और सामुदायिक विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश