जमीन को लेकर पंचायती में आपस में भिड़े दोनों पक्ष

 


रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। बिहार राज्य के भोजपुर जिले की जमीन का झगड़ा रामगढ़ में हुआ। रामगढ़ नई सराय काली मंदिर एफसीआई गोदाम के पास के रहने वाले काली यादव ने मारपीट की प्राथमिकी रामगढ़ थाने में दर्ज कराई है। जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आपस में पंचायत कर रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। काली यादव ने बिहार राज्य के भोजपुर जिला अंतर्गत शाहपुर निवासी सुदेश्वर यादव और रामगढ़ के दो व्यक्ति बहादुर यादव और बीरा यादव को आराेपित बनाया है।

काली यादव ने पुलिस को बताया कि सुदेश्वर यादव, बीरा यादव और बहादुर यादव के साथ उनके घर पर आए और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान काली यादव को बचाने के लिए निकले उनके भाई अनिल यादव, बहू प्रियंका देवी, पत्नी मुन्नी देवी और बहन सीमा देवी के साथ भी तीनों लोगों ने मारपीट की।

सुदेश्वर यादव के पुत्र ने बताया कि जमीन का कानूनी तौर पर बंटवारा गांव में हो चुका है। इसके बावजूद भी काली यादव और उनके परिवार के लोग जमीन का विवाद कर रहे हैं। जमीन का विवाद सुलझाने के लिए ही नई सराय में काली यादव के घर पर ही पंचायत रखी गई थी। इसी दौरान काली यादव और उनके परिवार वालों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश