स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सीसीएल में वेबिनार आयोजित, प्लास्टिक कचरा कम करने पर जोर

 


रांची, 19 जून (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से शुक्रवार को “रिड्यूसिंग प्लास्टिक वेस्ट फॉर ए ग्रीनर टुमॉरो” विषय पर व्याख्यान सह वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था।

वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल रांची सीआईपीईटी के निदेशक प्रमुख अवनीत कुमार जोशी ने प्लास्टिक कचरे के बढ़ते पर्यावरणीय प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन आज की सबसे बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक बन चुका है। इसके प्रभावी समाधान के लिए जागरूकता, जनभागीदारी और व्यवहारगत बदलाव बेहद आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण, जल स्रोतों, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और उसके विकल्पों को अपनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने दैनिक जीवन में प्लास्टिक उपयोग को कम करने के व्यावहारिक उपायों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में सीसीएल के महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना-कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी और नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

संजय कुमार ठाकुर ने कर्मचारियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय, रांची के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों और इकाइयों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। वेबिनार के दौरान प्रतिभागियों ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।

इस अवसर पर पूजा प्रसाद और श्वेता हंसदा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar