रानी सती दादी मंदिर में उमड़ी आस्था, 351 सवामणि प्रसाद से सजा दरबार

 




रामगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में श्री रानी सती दादी मंदिर परिसर में आयोजित 20 वें भादो अमावस्या महोत्सव का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के बीच भव्य समापन हुआ।

महोत्सव के संयोजक अशोक अग्रवाल थेे। अंतिम दिन तडके सुबह से पाटा पूजा और सवामणि प्रसाद का भोग दादी भक्तों की ओर से अर्पित किया गया।

भारी बारिश के बावजूद दादी भक्तों की आस्था कम नहीं हुई। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने दादी जी को 351 सवामणि प्रसाद का भोग अर्पित किया। महोत्सव के दाैरान रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने दादी जी के चरणों में माथा टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भादो अमावस्या के अवसर पर रामगढ़ की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने भी मंदिर पहुंचकर दादी जी के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

महोत्सव की पूर्व संध्या पर कीर्तन कार्यक्रम से पहले मंदिर के गुंबद के पास आकाशीय बिजली गिरी इससे मंदिर परिसर के कई विद्युत उपकरण जल गए। हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।

उत्सव के दौरान श्री रानी सती महिला मंगल समिति की सदस्यों ने दादी जी के चरणों में मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। फूलों से सजे दादी जी के भव्य दरबार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। अंत में विधिवत महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ 20वें भादो अमावस्या महोत्सव का समापन हुआ।

महोत्सव को सफल बनाने में श्री रानी सती महिला मंगल समिति की प्रमिला अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, संगीता बुधिया, सीमा अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, सीमा मोदी, अनीता शर्मा, शशि जैन, शीला जैन, पुष्पा गोयल, तरुणा मित्तल, संजना अग्रवाल की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश