कमला पुरुषोत्तमी एकादशी पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में हुआ महानुष्ठान
रांची, 27 मई (हि.स.)। रांची के पहाड़ी मंदिर के पास स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में बुधवार को अधिक ज्येष्ठ शुक्ल (पुरुषोत्तम मास) की कमला एकादशी व्रत के उपलक्ष्य पर दिव्य मंगलोत्सव मना।
वैदिक मंत्रों की विधि से अजन्मा भगवान् श्रीमन्नारायण का पूजन हुआ। न्यास पूर्वक पूजा शुरू करके दिक्बंधन क्रिया से दसों दिक्पालों का आह्वान किया गया। फिर सनातन परमात्मा श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर का आवाहन, आसन, अर्ध्य, पाद्य, मधुपर्क, आचमनीय, स्नान, वस्त्र, विलेपन, यज्ञोपवीत,अलंकार के उपचारपूर्वक तिरु -आराधना किया गया।
इसके बाद पंचारात्र आगम विधि से भगवान के चारों व्यूहों का न्यास फिर उनके प्रमुख अवतारों का न्यास और भगवान् के आयुधों एवं आभरणों का पूजन किया गया। साथ ही भगवान् को गंध, पुष्प, तुलसी पधराकर क्रम से आठ मुद्राएं बांधकर नैवेद्य भोग लगाया गया। भगवान दंपति को एकादश प्रकार के फलाहारी व्यंजनों का भोग लगा। इसके बाद नक्षत्र, कुंभ और कर्पूर की बाती से महाआरती की गई। फिर सुश्राव्य वेदध्वनियों से महास्तुति की गयी।
इस दौरान दिनभर का भोग आशीष अग्रवाल और उनकी पत्नी अश्विका अग्रवाल, जबकि एक समय का भोग निवेदन विमल मिश्र एवं उनकी पत्नी पुष्पा मिश्र ने किया।
मौके पर सभी श्रद्धालु अपने-अपने कामनानुसार कोई सहस्त्रनाम की अर्चना की तो किसी ने कुंकुम से लक्ष्मी जी की अर्चना की। अर्चक सत्यनारायण गौतम, गोपेश आचार्य और नारायण दास ने दिनभर के अनुष्ठान को विधिवत्त संपन्न कराया।
इस अवसर पर राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, घनश्याम दास शर्मा, रंजन सिंह, सुशील गाड़ोदिया और यशोदा देवी सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak