झारखंड की जेलों में 85 कैदी मना रहे हैं छठ महापर्व, प्रशासन ने किए खास इंतजाम

 


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य जेलों में 85 कैदी लोक आस्था के महापर्व छठ मना रहे हैं। इनमें 36 महिला और 49 पुरुष बंदी शामिल हैं। जेल परिसर के भीतर ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जा रही है।

झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को बताया कि बंदियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए जेल प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। जेलों के अंदर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रोशनी और कृत्रिम पूजा स्थल (अर्घ्य के लिए जल कुंड) तैयार किए गए हैं। इसके साथ व्रती बंदियों को प्रशासन की ओर से पूजन सामग्री, फल, नैवेद्य और नए वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए हैं। पर्व के दौरान जेल में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सबसे अधिक 18 बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं, जिनमें 9 महिला और 9 पुरुष बंदी शामिल हैं। इसी प्रकार हजारीबाग लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से 5 महिला और 6 पुरुष, मेदिनीनगर केंद्रीय कारा 5 महिला और 3 पुरुष, दुमका केंद्रीय कारा से 1 महिला और 4 पुरुष, घाघीडीह केंद्रीय कारा (जमशेदपुर) 1 महिला बंदी।

केंद्रीय काराओं के अलावा राज्य की कई मंडल और उपकाराओं में भी छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं। गढ़वा मंडल कारा में 9 महिला और 6 पुरुष समेत कुल 15 बंदी व्रत कर रहे हैं। वहीं, धनबाद मंडल कारा में 3 महिला और 6 पुरुष बंदी छठ पूजा में शामिल हैं। इसके अलावा गिरिडीह मंडल कारा में 8 पुरुष, साहेबगंज मंडल कारा में 4 पुरुष और चतरा मंडल कारा में 2 पुरुष बंदी व्रत रख रहे हैं। उपकाराओं की बात करें तो राजमहल उपकारा में 2 महिला व 1 पुरुष तथा गढ़वा के श्री बंशीधर नगर उपकारा में 1 महिला बंदी छठ कर रही हैं।

झारखंड की कई जेलें ऐसी भी हैं, जहां इस वर्ष कोई भी बंदी छठ महापर्व नहीं कर रहा है। इनमें चाईबासा, चास, देवघर, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, साकची, सरायकेला और सिमडेगा की जेलें शामिल हैं। साथ ही बरही, घाटशिला, खूंटी, मधुपुर, रामगढ़ और तेनुघाट उपकारा के अलावा हजारीबाग स्थित आत्मसमर्पित नक्सली बंदी कारा में भी किसी बंदी के व्रत करने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे