डीसी के निर्देश पर 80 हाई स्कूलों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रामगढ़, 20 मई (हि.स.)। जिले के सरकारी विद्यालयों में भी अब वह शिक्षा मिलेगी, जो निजी विद्यालयों के बच्चों को मिलती रही है। डीसी ऋतुराज ने सरकारी हाई स्कूलों के शिक्षा के स्तर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए शिक्षा की क्रांति का अलख जगाया है। उनके निर्देश पर जिले के तमाम 80 हाई स्कूलों का निरीक्षण वरीय अधिकारियों की ओर से किया गया।
बुधवार को जिले के कई वरीय अधिकारी स्कूल पहुंचे और वहां की व्यवस्था और शैक्षणिक प्रक्रिया का जायजा लिया। इस सघन अभियान के तहत जिला स्तरीय लगभग 50 की संख्या में वरीय पदाधिकारी और पदाधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ ज़िले के सभी 80 उच्च विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार की ओर से निर्धारित विहित प्रपत्र के आधार पर कई बिंदुओं पर विस्तृत जांच की गई।
मुख्य रूप से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति, कक्षाओं में पठन-पाठन की गुणवत्ता और स्मार्ट क्लास का संचालन, बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की पौष्टिकता और स्वच्छता, स्कूल पोशाक, पाठ्य पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण, कल्याणकारी योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति की प्रगति की समीक्षा शामिल रही।
डीसी ऋतुराज ने निर्देशित किया है कि शिक्षा के स्तर में सुधार तभी संभव है जब बच्चों को बुनियादी सुविधाएं मिलें। उन्होंने विद्यालय परिसरों की नियमित साफ-सफाई, शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था, पूरी तरह क्रियाशील शौचालय, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और पर्याप्त फर्नीचर जैसी आवश्यक सुविधाओं को अविलंब दुरुस्त करने का सख्त आदेश दिया है।
सभी निरीक्षणकर्ता पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट (मार्किंग, ग्रेडिंग और आवश्यक सुधार के सुझावों सहित) जिला शिक्षा पदाधिकारी के आधिकारिक ई-मेल पर तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि रामगढ़ जिले के बच्चों को उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना जिला प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी अधिकारी या संबंधित कर्मी अपने कर्तव्यों में कोताही बरतता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से सख्त विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश