पल्स पोलियो अभियान में 61.26 लाख बच्चों को दवा पीलाने का लक्ष्य : सचिव

 


रांची, 25 जून (हि.स.)।

राज्य में आगामी 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष से कम आयु के 61.26 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को इसकी तैयारियों को लेकर नेपाल हाउस स्थित सचिव के कार्यालय में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में बताया गया कि 28 जून को राज्यभर के 24,507 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों को अभियान की सफलता के लिए समन्वय और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आईसीडीएस, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को विशेष जिम्मेदारी निभाने को कहा।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहिया, पंचायत प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उपायुक्तों को प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। अजय सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में कई अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar