खेलगांव में 55 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, दो संदिग्ध मरीज चिन्हित
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को खेलगांव में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी रांची डॉ सिद्धेश्वर बास्की के नेतृत्व में टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सहयोग से आयोजित अभियान में 55 लोगों की टीबी जांच की गई। सभी लोगों का एक्स-रे कराया गया।
जांच के दौरान एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर दो लोगों को टीबी संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया गया। दोनों की एक्स-रे रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए रिम्स टीबी लैब में बलगम जांच कराने की सलाह दी गई। इसके लिए संबंधित लोगों को बलगम कंटेनर उपलब्ध कराया गया।
अभियान के दौरान स्क्रीनिंग किए गए सभी लोगों की जानकारी निक्षेप पोर्टल पर दर्ज की गई। जिन लोगों का एक्स-रे सामान्य पाया गया, उनकी जांच प्रक्रिया पोर्टल पर पूरी करते हुए उन्हें क्लोज कर दिया गया।
अधिकारियों ने अभियान के माध्यम से टीबी की समय पर पहचान और उपचार के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया।
मौके पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ सिद्धेश्वर बास्की, कमांडर आनंद महतो, सुजीत कुमार, डीपीसी राकेश कुमार राय, फैजल अली सहित एनसीसी के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar