50 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित, सारठ क्षेत्र को मिलेगी निर्बाध बिजली

 


देवघर, 25 जून (हि.स.)। सारठ क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 28 मई 2026 को 50 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के बाद उत्पन्न संकट को दूर करते हुए बिजली विभाग ने रिकॉर्ड समय में नया 50 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। गुरुवार को सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया।

विधायक ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद शिमला, तालगढ़ा और सारठ पावर सब-स्टेशनों में रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी। विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 जून से इन सब-स्टेशनों को महरो फीडर से जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई थी। अब नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद क्षेत्र में पूर्ण क्षमता के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद एक माह से भी कम समय में नए ट्रांसफार्मर की स्थापना अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके लिए बिजली विभाग के सभी अभियंताओं, अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की जानी चाहिए, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में दिन-रात मेहनत कर जनता को राहत पहुंचाने का कार्य किया।

विधायक ने बताया कि लखोरिया-सारठ 33 केवी विद्युत लाइन का कार्य भी तेजी से चल रहा है और इसके 31 अगस्त 2026 तक चालू होने की संभावना है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद सारठ क्षेत्र को दो तरफ से बिजली आपूर्ति का विकल्प मिलेगा, जिससे बिजली कटौती और ब्रेकडाउन की समस्याओं में काफी कमी आएगी। इसके अलावा नारायणपुर सब-स्टेशन से करमाटांड़ सब-स्टेशन तक विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए लगभग 100 बिजली पोलों की आवश्यकता है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और पोलों की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्य को शीघ्र पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।

कार्यक्रम में विभाग के महाप्रबंधक मलिक प्रसाद यादव, उप महाप्रबंधक विनोद कुमार, वरीय प्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक दीपक कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy