मंदिर के मृत गार्ड के परिजनों को दी गई ०5 लाख की सहायता राशि
रांची, 06 जून (हि.स.)। रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में कार्यरत रात्रि प्रहरी स्वर्गीय बिरसा मुंडा के परिजनों को शनिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति और जिला प्रशासन के सहयोग से मृतक की पत्नी रूपन देवी को सौंपी गई।
इस दौरान मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एनएन पांडेय, प्रथम सेवक (सेवाइत) ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, सदस्य कमल ठाकुर, गोपाल उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनिधि स्मृति कुमारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
उल्लेखनीय है कि जगन्नाथपुर मंदिर में रात्रि में गार्ड बिरसा मुंडा की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया था। उसी के तहत मृतक की पत्नी को ०5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
यह घटना 24 अप्रैल 2026 की है, जब अज्ञात अपराधियों ने मंदिर में घुसकर न केवल दान पेटी से नकदी चोरी की, बल्कि पहचान उजागर होने के डर से सुरक्षा गार्ड की हत्या भी कर दी थी। इस मामले में धुर्वा थाना में कांड संख्या (88/26) दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों देव कुमार उर्फ रचित कुमार, विकास महली और आयुष कुमार दत्ता शामिल हैं।
आरोपितों के पास से ०3 लाख 97 हजार रुपये, हत्या में इस्तेमाल खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए शर्ट और गमछा, ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल लोहे की रॉड, नए कपड़े और उनकी खरीद की रसीद बरामद किए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे