चास में 49.76 और फुसरो में 58.37 प्रतिशत मतदान
बोकारो, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सोमवार को संपन्न हो गया। प्रशासनिक सतर्कता के बीच चास नगर निगम में 49.76 प्रतिशत और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 58.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 और वार्ड 12 में मतदान के दौरान हंगामे की सूचना मिली। वहीं वार्ड 32 के एक बूथ पर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब ड्यूटी पर तैनात एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर हमला कर दिया गया। हमले में उनके नाक पर चोट लगी। घायल एसडीपीओ का चास के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। सूत्रों के अनुसार
घटना के संबंध में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रत्याशी रेखा देवी ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग बूथ में घुसकर फर्जी मतदान कर रहे थे। इसकी शिकायत संबंधित पदाधिकारी से की गई, इसके बाद विवाद बढ़ गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने जबरन गलत व्यक्तियों को बूथ में प्रवेश कराने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) की ओर से रोकने पर उन पर हमला कर दिया गया। मामले में आरोपितों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मतदान प्रक्रिया पूर्ण हुई और सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रिसिविंग सेंटर पहुंचाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार