आरआईओ-रिम्स में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ
रांची, 24 अगस्त (हि.स.)।
राष्ट्रीय 41 वें नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर सोमवार को रिम्स स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी (आरआईओ) और आई बैंक की ओर से नेत्रदान जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर पखवाड़े की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर प्रो डॉ सुनील कुमार ने कहा कि नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने समाज में नेत्रदान को लेकर मौजूद भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई। पखवाड़े के तहत 25 अगस्त 2026 से आठ सितंबर 2026 तक आरआईओ परिसर में आई डोनेशन प्लेज एवं अवेयरनेस कैनेपी आयोजित होगी, जहां आम लोगों, मरीजों और परिजनों को नेत्रदान की जानकारी दी जाएगी एवं इच्छुक लोगों से संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। 27 अगस्त 2026 को जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जबकि 29 अगस्त 2026 को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता होगी।
इसके अलावा दो सितंबर को नेत्रदाता परिवारों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
वहीं पांच सितंबर को पीजी सेमिनार में कॉर्निया डोनेशन, काउंसलिंग, कॉर्निया रिट्रीवल और आई बैंकिंग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। आरआईओ-रिम्स के अनुसार अभियान का उद्देश्य नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियां दूर करना और अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का संदेश है नेत्रदान करें, किसी की दुनिया रोशन करें।
कार्यक्रम में आरआईओ –रिम्स के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो डॉ सुनील कुमार सहित वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य, आई बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar