एआईआईए के लिए इटकी में 40 एकड़ भूमि चिन्हित कर जल्द कराएं नापी : शशि प्रकाश

 


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)।

केंद्र सरकार की ओर से झारखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) की स्थापना की घोषणा के बाद रांची जिले के इटकी प्रखंड में भूमि चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ भूमि की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की। इस अवसर पर अभियान निदेशक ने अंचल अधिकारी, इटकी को संस्थान की स्थापना के लिए 40 एकड़ भूमि चिन्हित कर उसकी नापी का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी होने से परियोजना की आगामी प्रक्रिया में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी और लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने अधिकारियों से सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना समय पर धरातल पर उतर सके। राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar