स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर एकाउंटिंग प्रशिक्षण
देवघर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले में स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) में 38 दिवसीय कंप्यूटर एकाउंटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर 2026 से होगी।
प्रशिक्षण में देवघर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां और महिलाएं भाग ले सकते हैं। वैसे इच्छुक अभ्यर्थी जो प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि से पूर्व संस्थान में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान की ओर से प्रशिक्षण, भोजन और छात्रावास की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा कॉपी, किताब, कलम, ड्रेस सहित अन्य आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री भी संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
पंजीयन के लिए राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बीपीएल कार्ड या एसएचजी सदस्यता में से कोई एक दस्तावेज, आधार कार्ड, चार पासपोर्ट साइज फोटो एवं बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित होगा। प्रशिक्षण की अवधि में प्रतिदिन आठ घंटे का समय निर्धारित है, इसलिए प्रशिक्षणार्थियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य होगी। संस्थान की ओर से प्रशिक्षण अवधि में रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
संस्थान ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि से पहले पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि दस्तावेज संबंधी किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy