श्रावणी मेला के 28 वें दिन तड़के सुबह से बाबा मंदिर में जलार्पण शुरू
देवघर, 26 अगस्त (हि.स.)।
श्रावणी मेला के 28 वें दिन बुधवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर में तडके सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कांवरियों की कतार और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बाबा मंदिर के कपाट सुबह 4.43
बजे खोले गए, जिसके बाद विधिवत जलार्पण शुरू हुआ। भोर की पहली किरण के साथ ही पूरा मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र ‘बोल-बम’ और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर देवघर पहुंचे हजारों कांवरियों ने कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अहले सुबह से ही वरीय अधिकारी रूट लाइनिंग से लेकर मंदिर परिसर तक व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। कांवरियों के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एक माह तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला की पूर्णाहुति में महज 24 घंटे शेष हैं। 28 अगस्त को पूर्णिमा के अवसर पर श्रावणी मेला का समापन होगा। हालांकि, मेला समाप्त होने के बाद भी बाबा बैद्यनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहेगा और भादो माह में एक बार फिर भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
पूर्व के अनुभवों के अनुसार भादो माह में स्पर्श पूजा की शुरुआत होने की संभावना को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह है। ऐसे में आने वाले दिनों में बाबा बैद्यनाथ के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
श्रावणी मेला के दौरान जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई कई सुविधाओं को भादो माह में भी जारी रखने की तैयारी है, ताकि बाबा नगरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
पूर्णिमा के अलावा जन्माष्टमी के अवसर पर भी बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ती है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल देवघर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
श्रावणी मेला अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, लेकिन बाबाधाम में आस्था की धारा भादो माह में भी निरंतर बहती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy