झारखंड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति

 


-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में 73 मामलों की हुई समीक्षा

रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की हुई । इसमें राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 73 कैदियों की रिहाई से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। पर्षद की ओर से अनुशंसित 20 नए मामलों के साथ पिछली बैठकों में रिहाई के लिए अस्वीकृत किए गए 53 मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ सभी 73 मामलों पर बिंदुवार गहन चर्चा की। इस दौरान रिहाई के निर्धारित मानकों, पात्रता की शर्तों, कैदियों के आचरण, कारावास की अवधि और विधिक प्रावधानों की समीक्षा की गई। साथ ही न्यायालयों, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों, जेल अधीक्षकों और प्रोबेशन पदाधिकारियों के मंतव्य सहित अन्य पहलुओं पर भी विचार किया गया। विस्तृत समीक्षा के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्षद की अनुशंसा पर रिहा होने वाले कैदियों के लिए विभाग की ओर से काउंसलर नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जेल से निकलकर घर और गांव लौटने वाले बंदी दोबारा किसी अपराध में शामिल न हों। रिहा कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलर नियुक्त करने के साथ गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) का सहयोग भी लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने मानसिक रूप से अस्वस्थ ऐसे कैदियों के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी प्रोबेशन ऑफिसर (पीओ) को सौंपने का निर्देश दिया, जो कारामुक्त हो चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सजा पूरी कर चुके वैसे बंदियों की भी काउंसलिंग की जाए, जो जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं। उनके जेल से बाहर नहीं आने की वजह और पारिवारिक स्थिति की जानकारी भी ली जाए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा, विधि (न्याय) विभाग के प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं के निदेशक (प्रशासन) ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रोबेशन पदाधिकारी चंद्रमोली सिंह और बंदी कल्याण पदाधिकारी राम गोविंद पंडित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे