झारखंड में 24 नक्सली हथियार के साथ 28 को पुलिस मुख्यालय में करेंगे सरेंडर
रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को अब तक की बड़ी सफलताओं में एक और कामयाबी मिलने जा रही है। झारखंड के 16 और छत्तीसगढ़ के ०8, यानी कुल 24 माओवादी मंगलवार को सुबह 11 बजे रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी के नेतृत्व में आत्मसमर्पण करेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के एक रीजनल कमेटी सदस्य (आरसीएम), चार जोनल कमेटी स्तर के सदस्य (झारखंड के तीन जेसीएम और छत्तीसगढ़ का एक जेडसीएम), तीन सब-जोनल कमेटी सदस्य (एसजेडसीएम), दस एरिया कमेटी सदस्य (झारखंड के छह और छत्तीसगढ़ के ०4 एसीएम) और छह सक्रिय कैडर/सदस्य शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों में संतोष उर्फ बासुदेव दा उर्फ गांधी उर्फ दिलीप उर्फ संजय महतो, संतोष मांझी उर्फ जगबंधु, चंदन लोहरा, जयकांत मुंडा उर्फ गूंगा उर्फ बंगाली, राजनाथ हांसदा उर्फ गुना हांसदा, चंपा मंझियाइन उर्फ गुड़िया, रिसिव सोय, सालमी मुंडा उर्फ पारूल, मुन्नी सुरीन उर्फ मुरीन सुरीन और सीता मुंडा, अनिल तुरी उर्फ उज्ज्वल, सुखलाल बिरंजिया उर्फ अकेला, सुदेश होनहागा उर्फ सोनाराम, एतवारी मांझी उर्फ सोनोत उर्फ संत, देवान मुर्मू उर्फ शनिचर, सुमित्रा सुरीन शामिल हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ से अश्विन उर्फ लच्छू कोरसा (जोनल कमेटी सदस्य), सोहन पुनेम, रीता उर्फ मंगली कुंजाम, अनुशा कुंजाम, रजनी मुडकम (एरिया कमेटी सदस्य), राहत मांडवी, सुबनी और जेलानी शामिल है।
आत्मसमर्पण करने वालों में झारखंड के कई कुख्यात इनामी माओवादी भी शामिल हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार इन पर कुल 39 लाख का इनाम घोषित है। इनमें एक पर 15 लाख, एक पर 10 लाख, दो पर 5-5 लाख और दो पर ०2-०2 लाख रुपये का इनाम है। आत्मसमर्पण के दौरान माओवादी आधुनिक हथियार और गाेलियां भी जमा करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे