निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 300 लोगों के स्वास्थ्य की जांच

 


रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। कडरू स्थित झारखंड हज हाउस में शनिवार को जरूरतमंद और आम लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 10 चिकित्सकों और 20 सदस्यीय चिकित्सा टीम ने मरीजों की जांच की।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, सामान्य स्वास्थ्य और आंखों की जांच की गई। चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार मरीजों को परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आंखों की जांच के दौरान चश्मे की जरूरत वाले लोगों की भी पहचान की गई।

शिविर के आयोजन में इकबाल इंजीनियर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। झारखंड राज्य हज समिति के संयुक्त सचिव गुलाम समदानी ने कहा कि शिविर में करीब 300 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

हज हाउस न सिर्फ हज यात्रियों की सुविधा तक सीमित है। बल्कि आम लोगों के कल्याण के लिए भी लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर हर 15 दिनों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

शिविर में डॉ सैयद एजाज हाशमी, डॉ मोहम्मद खुर्शीद, डॉ अब्दुल मोईज, डॉ मोहम्मद सैफुल्लाह इस्लाम, डॉ एमडी सैफुल इस्लाम सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar