मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के 180 लाभुक चयनित

 


खूंटी , 04 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में कल्याण विभाग की चयन समिति और प्री पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के लाभुकों के चयन के साथ-साथ छात्रवृत्ति आवेदनों की समीक्षा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद समिति ने 180 पात्र लाभुकों का चयन किया। चयनित लाभुकों को गंभीर सहित अन्य बीमारियों के उपचार के लिए चिकित्सा अनुदान की राशि दी जाएगी। बैठक के दूसरे चरण में प्री और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर 11,084 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की ओर से भौतिक सत्यापन के बाद समिति ने सभी आवेदनों को स्वीकृति दी। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए प्राप्त 1,590 पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों को भी समिति ने अनुमोदित कर दिया। इस प्रकार कुल 12,674 छात्रवृत्ति आवेदनों को मंजूरी मिली।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि शीघ्र हस्तांतरित की जाए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक, जिला कोषागार पदाधिकारी शिवकुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा