सीसीएल में 132 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गई विदाई

 


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगस्त, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 06 कर्मियों को विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मान के साथ विदा किया गया। इस प्रकार सीसीएल मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 132 कर्मियों को विदाई दी गई।

समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं एवं स्मृतियां साझा कीं।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले राजेश मोहन, महाप्रबंधक(सिविल), वेलफेयर एंड सर्विसेज/सिविल विभाग डॉ राजीव कुमार जायसवाल, सीएमओ, दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी सुनीता रवि, मैट्रन ए-1, गांधी नगर अस्पताल अबनिधर मुखर्जी सहित अन्यध के नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार उपस्थित थे।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्र ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके दीर्घकालीन सेवाकाल और कंपनी के प्रति समर्पण के लिए बधाई दीं। उन्होंने कहा कि सीसीएल की प्रगति में प्रत्येक कर्मी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है।

उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर विदाई दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak