स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 114 यूनिट रक्त संग्रहित

 


रांची, 14 जून (हि.स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल रांची के ब्लड सेंटर, खलारी स्थित सीआईएसएफ परिसर और डोरंडा के मिल्लत पंचायत क्षेत्र में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

सदर अस्पताल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तीनों केंद्रों पर आयोजित शिविरों में अब तक 114 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है, जबकि सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान अभियान जारी है।

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति (जेएसएसीएस) के परियोजना निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिससे अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नई आशा और जीवन का संबल बनता है। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल में संचालित विभिन्न गतिविधियों और वार्डों का निरीक्षण भी किया।

सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए सुरक्षित और पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, सर्जरी, कैंसर उपचार, थैलेसीमिया सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्तदान जीवनदायी साबित होता है।

कार्यक्रम में उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ रंजू सिन्हा, आशीष रंजन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar