पुलिस 24 घंटे में 11 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
देवघर, 09 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही देवघर पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के के तहत 24 घंटों के दौरान 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड और दो प्रतिबिंब (क्लोन) सिम बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग साइबर ठगी में किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर, कैशबैक, केवाईसी अपडेट, बैंकिंग सहायता और एपीके (एपीके) फाइल डाउनलोड कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई (आईएमईआई) नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस बरामद डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप या एपीके फाइल डाउनलोड न करें तथा बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy