काला बिल्ला लगाकर सड़कों पर उतरे 108 एम्बुलेंस कर्मी
रामगढ़, 14 सितंबर (हि.स.)। लंबित मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों ने सोमवार को चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया। आंदोलन के पहले दिन कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करते हुए सरकार के प्रति विरोध जताया और अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
संघ की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक के पत्र के अनुरूप जिला स्तर पर सरकारी माध्यम से 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन शुरू करना, सम्मान फाउंडेशन की ओर से हटाए गए कर्मचारियों को पुनः सेवा में बहाल करना एवं आईपीएफ/एएसआई ओवरटाइम, ग्रेच्युटी तथा न्यूनतम वेतन सहित सभी वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करना शामिल है।
संघ ने बताया कि 14 से 19 सितंबर तक काला बिल्ला लगाकर विरोध किया जाएगा। इसके बाद 19 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय से डीसी कार्यालय तक कैंडल मार्च, 21 सितंबर को भिक्षाटन, 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन और 25 सितंबर को राज्यव्यापी एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल की जाएगी। 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया है।
संघ ने सरकार से तत्काल सकारात्मक पहल की मांग करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
आंदोलन के दौरान कुणाल बनर्जी, विकास, सिकंदर महतो, अरविन्द यादव, भारत महतो, मुकेश कुमार, बसंत महतो, अनिल कुमार, शंकर कुमार, रोहित महतो, हेमंत कुमार, आनंद, मनोज और लोकेश सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश