चतरा में 1,050 किलो डोडा बरामद, पंजाब ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार
चतरा, 15 अगस्त (हि.स.)। चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,050 किलो डोडा बरामद किया है। डोडा को 85 बोरियों में भरकर एक ट्रक के जरिए रांची के बुंडू से पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। बरामद डोडा की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव और वर्षा किस्कु को शामिल किया गया।
टीम ने चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर लमटा के समीप वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई 85 बोरियां मिलीं। इनमें कुल 1,050 किलो डोडा बरामद किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डोडा की यह खेप रांची जिले के बुंडू इलाके से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा कहां से जुटाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के मंगवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद दूसरा आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बड़ी मात्रा में डोडा बरामद होने के बाद पुलिस ने पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर डोडा की खरीद, परिवहन और पंजाब में इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस फरार आरोपित की भूमिका के साथ-साथ इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगा रही है।
पुलिस ने बरामद डोडा और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी