रांची में 100 दिन टीबी अभियान के तहत ब्रांडिंग वैन रवाना
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची जिलेभर में 100 डेज टीबी अभियान के तहत टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय से एक ब्रांडिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएगी।
यह अभियान 24 मार्च को शुरू हुआ था, जिसका राज्यस्तरीय उद्घाटन नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में किया गया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संभावित मरीजों की पहचान करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ब्रांडिंग वैन जिले के अलग-अलग इलाकों और हाई रिस्क गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करेगी। साथ ही वल्नरेबल ग्रुप के लोगों की जांच हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से की जाएगी, ताकि संदिग्ध मरीजों का समय पर पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि तय रोडमैप के अनुसार पूरे जिले में लगातार जांच और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीपीएम एनएचएम, डीपीसी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar