राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर के 10 पहलवान चयनित

 


देवघर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर जिले के 10 पहलवानों का चयन किया गया है। इनमें छह खिलाड़ी दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं, जबकि शेष चार खिलाड़ी हरियाणा में होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिले के पहलवानों के चयन से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के चयनित पहलवान विभिन्न आयु वर्गों और भार वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होने वाले खिलाड़ियों में अंडर-14 वर्ग के भविष्य कुमार यादव (35 किलोग्राम) और मानसी टुडू (42 किलोग्राम) शामिल हैं। वहीं, अंडर-17 वर्ग में विक्की कुमार (52 किलोग्राम), मनीष झा (110 किलोग्राम), विद्या कुमारी (65 किलोग्राम) और अंशिका कुमारी पोद्दार (69 किलोग्राम) चयनित हुई हैं। इनमें विद्या कुमारी और अंशिका कुमारी पोद्दार बालिका वर्ग में हिस्सा लेंगी।

खिलाड़ियों के दिल्ली रवाना होने के अवसर पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने देवघर रेलवे स्टेशन पर उन्हें शुभकामनाएं देकर विदाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि सभी पहलवान प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देवघर जिले का नाम रोशन करेंगे।

जिला कुश्ती संघ की सचिव पायल कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिले के 10 पहलवानों का चयन होना गौरव की बात है। यह खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और पदक जीतकर देवघर सहित झारखंड का नाम रोशन करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के अन्य युवा भी कुश्ती के प्रति प्रेरित होंगे और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए देवघर के पहलवानों के चयन को जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब खेल प्रेमियों की निगाहें खिलाड़ियों के प्रदर्शन

पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy