ब्राउन शुगर के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

 


देवघर, 11 जून (हि.स.)। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय और अंतरजिला ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।

जसीडीह थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान एक महिला सहित छह शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उनके पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को 10 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि जसीडीह स्टेशन के समीप रुइया धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मुख्य सरगना गुल मोहम्मद उर्फ चाचा और इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान रेल और अन्य माध्यमों से ब्राउन शुगर देवघर लाकर स्थानीय नेटवर्क के जरिए इसकी बिक्री करते थे।

गिरफ्तार आरोपितों में गुल मोहम्मद उर्फ चाचा (62) निवासी सुगरीडीह, कर्माटांड़ (जामताड़ा), इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान (33) निवासी बिरमनगढ़िया, करौं, रवि झा (29) निवासी बरमसिया, बबलू चौधरी (33) एवं अजय कुमार महथा (27) निवासी सिंघवा तथा खुशबू देवी (28) निवासी गिधनी, जसीडीह शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपित गुल मोहम्मद उर्फ चाचा के खिलाफ पहले से डकैती, लूटपाट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े छह मामले दर्ज हैं। वहीं अजय कुमार महथा के खिलाफ भी मारपीट और धमकी देने के आरोप में पूर्व से मामला दर्ज है। इस संबंध में जसीडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस 2023 एवं एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy