पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों काे किया गिरफ्तार
देवघर, 11 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 08 मोबाइल फोन और 08 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का उपयोग साइबर ठगी में किए जाने की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इसके अलावा कैशबैक, केवाईसी अपडेट, बैंकिंग सहायता और एपीके फाइल भेजने के बहाने लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। साथ ही साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देवघर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड न करें, अपनी बैंकिंग और ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करें एवं किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy