पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
देवघर, 01 मई (हि.स.)। जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) के निर्देश पर छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के कुछ लोग फर्जी तरीके से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपित फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर के नाम पर, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी बनकर और गूगल पर फोन पे कस्टमर केयर के नाम से लोगों को झांसा दे रहे थे।
इसके अलावा, आरोपित प्रधानमंत्री किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए लोगों को ठग रहे थे। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जसीम अंसारी और अनिल मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस की आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदिग्ध कस्टमर केयर नंबर पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy