युद्ध को देखते हुए यूरिया आपूर्ति पर केंद्र सरकार बनाए ठोस रणनीति : शिल्पी
रामगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मध्य-पूर्व में जारी ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव को लेकर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से यूरिया की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति बनाने की मांग की है। सोमवार को रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण यदि यूरिया आपूर्ति प्रभावित होती है, तो इसका सीधा असर खरीफ फसलों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि यह आयोजन दर्शाता है कि राज्य के किसान प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने रामगढ़ के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के किसानों ने विशेषकर सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में राज्य स्तर पर अलग पहचान बनाई है।
कृषि मंत्री ने किसानों से कृषि विभाग की 80 से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि डीजल पंप सेट पर 90 प्रतिशत अनुदान, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना सहित कई योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2014 में जहां राज्य में प्रतिदिन लगभग 40 लाख लीटर दूध उत्पादन होता था, वहीं अब यह उत्पादन पांच से छह गुना तक बढ़ गया है। मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने लाभुकों के बीच कुल 08 करोड़ 79 लाख रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें बागवानी विभाग में 01 करोड़ 68 लाख, मृदा संरक्षण विभाग में 25 लाख, कृषि विभाग में 01 करोड़ 55 लाख, मत्स्य विभाग में 02 करोड़ 68 लाख और पशुपालन विभाग में 02 करोड़ 63 लाख रुपए शामिल हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए किसानों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, विकास कुमार, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश