मेडिकल कॉलेजों के डिजाइन संरचना सुधारने के लिए कमेटी गठित
रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)।
झारखंड सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने शुक्रवार को निर्माणाधीन और संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों के डिजाइन और संरचना में सुधार करने के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है।
इस विशेषज्ञ समिति में मुख्य रूप से रिम्स रांची के डॉ हेमंत नारायण (कार्डियोलॉजी), डॉ प्रदीप कुमार भट्टाचार जैसे चिकित्सकों को शामिल किया गया है। समिति में शामिल ये डाॅॅॅॅॅॅक्टरर्स अस्पतालों के मौजूदा ढांचे की समीक्षा कर बेहतर लेआउट और सुविधाओं का सुझाव देंगे। विभाग की मानें तो नई व्यवस्था के तहत आईसीयू, इमरजेंसी और ऑपरेशन थिएटर को अधिक सुव्यवस्थित ढंग से जोड़ा जाएगा, ताकि मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सके। सरकार का मानना है कि इस पहल से अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हालिया निरीक्षणों में पाया गया कि कई अस्पतालों में आईसीयू, सीसीयू, एचडीयू, ऑपरेशन थिएटर, आईपीडी, रेडियोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटर वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप व्यवस्थित नहीं हैं। इससे मरीजों की आवाजाही और इलाज की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों की नई वैज्ञानिक प्लानिंग लागू करने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar