तेज रफ्तार स्कूटी से गिरकर पिता की मौत, बेटी घायल

 


पश्चिमी सिंहभूम,17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकचो गांव के रहने वाले बुधराम सांडिल की शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री घायल हो गई।

परिजनों के अनुसार, बुधराम सांडिल(54) सुबह करीब साढ़े 10 बजे किसी जरूरी काम से अपनी बेटी के साथ घर से निकले थे। दोनों स्कूटी से चाईबासा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरकुंडीय मोड़ के पास अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूटी की रफ्तार तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख पायीं और हादसा हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को उठाया और इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बुधराम सांडिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पुत्री को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सड़क दुघर्टना का मामला है और जांच की जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक