सूर्य मंदिर धुर्वा में श्रद्धालूओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
रांची, 25 मार्च (हि.स.)। सूर्य मंदिर परिसर, धुर्वा में सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से बुधवार को आयोजित चार दिवसीय चैती छठ महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य की आराधना करते हुए उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे आयोजन में भक्ति और आस्था का वातावरण रहा। ट्रस्ट के अध्यक्ष समीर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं। उन्हाेंने भविष्य में भी महोत्सव को और भव्य रूप देने की प्रतिबद्धता जताई। समापन समारोह में ट्रस्ट की ओर से समाज सेवा में सक्रिय
महिला सदस्यों को अंगवस्त्र और पारंपरिक भेंट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन में जिला प्रशासन और नगर निगम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में संगीता सिंह, डॉ ज्योत्स्ना, डॉ सोमी सिंह, डॉ अर्चना सिंह, डॉ सीमा सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar