डीसी ऋतुराज ने आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय से किया संवाद

 




रामगढ़, 20 मई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की धरातलीय स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से बुधवार मांडू प्रखंड अंतर्गत कोतो पंचायत के बिरहोर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान वे आदिम जनजाति (बिरहोर) समूह के लोगों के बीच पहुँचे। उनसे सीधा संवाद स्थापित किया और धरातलीय स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिरहोर समुदाय के लोगों के रहन-सहन, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा राशन वितरण जैसी मूलभूत सुविधाओं की वर्तमान स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।

सरकार की योजना दिलाने का किया वादा

उन्होंने ग्रामीणों से सीधे मुखातिब होते हुए पूछा कि उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल रहा है या नहीं। इस दौरान बिरहोर समुदाय के लोगों ने डीसी के समक्ष अपनी कुछ स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा। ग्रामीणों की बातों को बेहद संवेदनशीलता से सुनते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों इनकी समस्याओं के अविलंब एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

आदिम जनजाति तक पहुंचेगी सरकार की योजना

भ्रमण के दौरान डीसी ने कहा कि आदिम जनजाति समूह के प्रत्येक परिवार तक विकास की कड़ियों को जोड़ना जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से कोई भी परिवार वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करें। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बिरहोर क्षेत्र में बुनियादी अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को और मजबूत किया जाए। उन्होंने योग्य लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से तत्काल आच्छादित करने का निर्देश दिया ताकि क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश