उपायुक्त ने रांची के पूजा पंडालों का निरीक्षण कर तय सुरक्षा मानकों का पालन करने का दिया निर्देश

 


रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को एसएसपी राकेश रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

इस दौरान पूजा समितियों की ओर से की गई तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन की टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर एवं हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पंडाल की संरचना, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास व्यवस्था, महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल एवं स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सहित कई जरूरी बिंदुओं की जानकारी ली गई।

इस दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

मौके पर उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखना सर्वोच्च प्राथमिकता

उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाए।

पूजा समितियों को दिया गया निर्देश

- पंडाल परिसर और आसपास फायर फाइटिंग सिस्टम एवं अग्निशमन उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो।

- पंडाल की संरचना निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो और पंडाल के प्रवेश एवं निकास मार्ग सुरक्षित और सुगम हो।

- महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो।

- भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और योग्य स्वयंसेवकों की तैनाती हो।

- महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित हो।

- आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा अवरोधमुक्त हो।

- विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाए। खुले या असुरक्षित विद्युत तारों को व्यवस्थित हो।

- पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश एवं सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी हो।

वहीं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियों को पंडाल निर्माण और आयोजन से संबंधित निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

मौके पर उपायुक्त ने पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि दुर्गापूजा का आयोजन और उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak