विश्व पर्यावरण दिवस पर महिला थाना चाईबासा में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रकृति मानव जीवन का आधार, इसकी सुरक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी : शीला मिंज
चाईबासा,05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महिला थाना चाईबासा की महिला थाना प्रभारी शीला मिंज ने आम का पौधरोपण किया। यह आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) चाईबासा की ओर से 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत महिला थाना चाईबासा परिसर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर तथा डालसा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रकृति मानव जीवन का आधार, इसकी सुरक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी शीला मिंज ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है और इसकी सुरक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने,जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ,सुरक्षित और हरित वातावरण देना हम सभी का दायित्व है।
अधिकार मित्र सूरज कुमार ठाकुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह सतत जनभागीदारी से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित रखता है, बल्कि हजारों जीवों के जीवन को भी सहारा प्रदान करता है। उन्होंने जल संरक्षण को भविष्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
अधिकार मित्र अलकमा रूही ने भी पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वृक्षारोपण ही प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर अधिकार मित्र संगीता देवी ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक